इंदौर। मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेशभर में 15 जुलाई से ‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का आयोजन शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 जुलाई को दोपहर 2 बजे इंदौर से इस महोत्सव का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगे। इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी में आयोजन
‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती में नई तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि उपकरणों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी देकर खेती को अधिक लाभकारी और समृद्ध बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कृषि से जुड़े विभाग लगाएंगे प्रदर्शनी
महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, नवीन उपकरणों और खेती से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। किसान विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा भी कर सकेंगे।
प्राकृतिक और जैविक खेती पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, नई तकनीकों और बाजार आधारित कृषि मॉडल के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही आधुनिक खेती अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के तरीकों से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा।
उत्कृष्ट किसानों का होगा सम्मान
‘बलराम कृषि महोत्सव-2026’ के दौरान बेहतर कार्य करने वाले और नवाचार अपनाने वाले उत्कृष्ट किसानों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए किसानों को प्रेरित करने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।