भोपाल: राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। घायल को इलाज के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, इनोवा कार एक नाबालिग चला रहा था और उसके नशे में होने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कई लोगों को चपेट में ले लिया।
स्कूटी सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर
हादसा अंकित परिसर के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूटी से जा रहे पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुधांशु की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका बेटा माधव गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने नाबालिग चालक को पकड़ा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक नाबालिग था और नशे की हालत में था।
सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटे की हालत गंभीर
हादसे में गंभीर रूप से घायल माधव को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों के साथ-साथ कार की रफ्तार तथा चालक की स्थिति की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हादसे में नशे की स्थिति और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।