भोपाल और आसपास के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। अब तक स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित चरापल्ली-गोरखपुर ट्रेन को 2 अक्टूबर से नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के तौर पर चलाया जाएगा। ट्रेन का संचालन हर सप्ताह होगा और भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।
2 अक्टूबर से नियमित होगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 07075/07076 अभी चरापल्ली-गोरखपुर-चरापल्ली स्पेशल के रूप में चल रही है। अब इसे नियमित ट्रेन का दर्जा देकर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।चरापल्ली से ट्रेन 2 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार को गाड़ी संख्या 22075 के रूप में रवाना होगी। वहीं गोरखपुर से वापसी में 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को गाड़ी संख्या 22076 चलेगी।नियमित संचालन शुरू होने से इस रूट पर यात्रियों को हर सप्ताह यात्रा का स्थायी विकल्प मिल सकेगा।
भोपाल में दोपहर 1:50 बजे पहुंचेगी ट्रेन
चरापल्ली से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस इटारसी में रात 12:05 बजे, भोपाल में दोपहर 1:50 बजे और बीना में शाम 4 बजे पहुंचेगी।इसके बाद ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।वापसी में गोरखपुर से ट्रेन सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। यह बीना में रात 9:10 बजे, भोपाल में रात 11:05 बजे और अगले दिन इटारसी में रात 12:40 बजे पहुंचेगी।
MP से UP और दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
इस ट्रेन के नियमित होने से भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन और आसपास के यात्रियों को उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।यात्री झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, गोमती नगर, बाराबंकी, गोंडा और गोरखपुर तक सीधे इस ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे।वहीं इटारसी और बैतूल क्षेत्र के यात्रियों को नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, मंचेरियल, पेद्दापल्ली और काजीपेट जैसे दक्षिण भारत की ओर जाने वाले प्रमुख स्टेशनों से भी कनेक्टिविटी मिलेगी।
कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
अमृत भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर, बैतूल, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा शामिल हैं।
अमृत भारत एक्सप्रेस की क्या है खासियत?
अमृत भारत एक्सप्रेस को लंबी दूरी की यात्रा के लिए आधुनिक और किफायती नॉन-एसी ट्रेन के रूप में तैयार किया गया है। इसमें बेहतर यात्री सुविधाएं और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी ट्रेन में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
स्पेशल से नियमित ट्रेन बनने के बाद यात्रियों को इस रूट पर हर सप्ताह यात्रा का विकल्प मिलेगा। इससे उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी और कई यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से कनेक्शन लेने की जरूरत भी कम हो सकती है।