भोपाल - एमपी की राजधानी भोपाल में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। शहर में पिछले करीब एक घंटे से मूसलधार बारिश हो रही है। इससे पहले सुबह से मौसम बदला हुआ था और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश के साथ रिमझिम फुहारें पड़ रही थीं। अब बारिश की रफ्तार बढ़ने से शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी जमा हो गया है।

तेज बारिश से बढ़ी परेशानी
आपको बता दें कि, लगातार हो रही बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण ट्रैफिक की रफ्तार भी प्रभावित हुई है।
48 घंटे में 4 फीट बढ़ा बड़े तालाब का जलस्तर
भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जारी बारिश का असर शहर के बड़े तालाब पर भी दिखाई दे रहा है। करीब 48 घंटे की बारिश के दौरान तालाब का जलस्तर लगभग 4 फीट बढ़ गया है। फिलहाल बड़े तालाब का जलस्तर 1663.05 फीट तक पहुंच गया है, जबकि इसका फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है। लगातार बारिश जारी रहने से जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता आगे भी बनी रहने की संभावना है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन और लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।
भोपाल और मध्य प्रदेश में बारिश के ताजा हालात
- राजधानी में जलभराव: भोपाल के निशातपुरा, शिव नगर, गीता नगर और शबरी नगर (छोला) जैसे 50 से अधिक इलाकों में घरों और सड़कों पर 3 से 5 फीट तक पानी भर गया है।
- यातायात और जनजीवन प्रभावित: ईंटखेड़ी और बेरसिया मार्ग पर पुलों के ऊपर पानी बहने से आवागमन रोकना पड़ा है। वीआईपी रोड पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया।
- स्कूलों में छुट्टी: गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
- अन्य जिलों में असर: सीहोर, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं तथा मौसम विभाग का भारी बारिश का दौर अभी जारी है।