भोपाल। एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। संघ ने शनिवार दोपहर 12 बजे लिंक रोड-1 स्थित चेनार पार्क में टैक्सी चालकों की महाबैठक बुलाई है। बैठक में किराया बढ़ाने की मांग और एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। संघ का आरोप है कि जून में एयरपोर्ट राइड के बहिष्कार के बाद कंपनियों ने किराए में 5 से 10 प्रतिशत तक सुधार किया था, लेकिन आंदोलन खत्म होने के बाद फिर पुराने रेट लागू कर दिए गए। संघ के मुताबिक अब कई राइड्स में ड्राइवरों को केवल 30 से 40 रुपये तक का किराया मिल रहा है, जबकि पहले यही बुकिंग 50 से 60 रुपये तक की होती थी।
सभी ड्राइवरों की राय से तय होगी आंदोलन की दिशा
संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले के अनुसार बैठक में भोपाल के सभी टैक्सी चालकों को बुलाया गया है। ड्राइवर अपनी समस्याएं और सुझाव रखेंगे और इन्हीं के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। संघ का कहना है कि यदि सरकार और एग्रीगेटर कंपनियों की ओर से मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन, आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया जा सकता है।
नई टैक्सी किराया नीति लागू करने की मांग
टैक्सी चालक संघ का कहना है कि मध्यप्रदेश में टैक्सी किराया निर्धारित करने के लिए स्पष्ट और स्थायी सरकारी नीति नहीं है। संगठन के मुताबिक इसी वजह से एग्रीगेटर कंपनियां अपनी सुविधा के अनुसार किराया तय कर रही हैं। संघ ने सरकार से प्रत्येक राइड के लिए 50 से 60 रुपये बेस फेयर, 1 से 1.50 रुपये प्रति मिनट टाइम चार्ज और वाहन की श्रेणी के अनुसार 22 से 30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित करने की मांग की है।
सिर्फ प्रतिशत बढ़ोतरी से नहीं होगा समाधान
राजेश कुमार नागले का कहना है कि केवल 20 या 30 प्रतिशत किराया बढ़ाने से ड्राइवरों की समस्या दूर नहीं होगी। उनके अनुसार वर्ष 2014 में एग्रीगेटर कंपनियों की व्यवस्था में बेस फेयर, टाइम चार्ज और प्रति किलोमीटर किराया शामिल था, जबकि अब ज्यादातर मामलों में दूरी के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। संघ का तर्क है कि ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए किराया तय करने की पुरानी प्रणाली को दोबारा लागू करने की जरूरत है।
प्रस्ताव लागू हुआ तो इन रूटों पर बढ़ेगा किराया
संघ के प्रस्तावित किराया मॉडल के अनुसार:
अरेरा हिल्स से राजा भोज एयरपोर्ट: 246-282 रुपये से बढ़कर 416-552 रुपये तक
न्यू मार्केट से रेलवे स्टेशन: 95-108 रुपये से बढ़कर 205-270 रुपये तक
लालघाटी से एमपी नगर: 152-167 रुपये से बढ़कर 302-401 रुपये तक
रातीबड़ थाना से भोपाल रेलवे स्टेशन: 274-314 रुपये से बढ़कर 474-638 रुपये तक
संघ की प्रमुख मांगें
टैक्सी चालक संघ ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें टैक्सी किराया निर्धारित करने के लिए स्थायी नीति, बेस फेयर और टाइम चार्ज लागू करना, एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर रोक, निजी नंबर वाले वाहनों और अवैध बाइक टैक्सी के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई तथा टैक्सी चालकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
बैठक के बाद बड़े आंदोलन का फैसला संभव
शनिवार की बैठक को संघ ने महत्वपूर्ण बताया है। संगठन का कहना है कि यदि सरकार और कंपनियों की ओर से सकारात्मक पहल नहीं हुई तो भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर के टैक्सी चालक आंदोलन कर सकते हैं।
संघ के मुताबिक यह मांग केवल किराया बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स की आय और आजीविका से जुड़ा मुद्दा है।