भोपाल: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर भोपाल पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 15 अगस्त 2026 को लाल परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने के कारण लाल परेड मैदान की ओर आने वाले कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।मुख्य रूप से डीबी मॉल तिराहे से जेल मुख्यालय रोटरी, लिली चौराहे से पुलिस मुख्यालय और रोशनपुरा चौराहे से गांधी पार्क तिराहे की ओर जाने वाले रास्तों पर आम वाहनों की नो-एंट्री रहेगी।
इन तीन रास्तों से लाल परेड मैदान की ओर नो-एंट्री
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इन प्रमुख मार्गों पर आम यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा—
डीबी मॉल तिराहा से जेल मुख्यालय रोटरी की ओर
लिली चौराहा से पुलिस मुख्यालय की ओर
रोशनपुरा चौराहा से गांधी पार्क तिराहा की ओर
इन मार्गों से लाल परेड मैदान की तरफ सामान्य वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा।
इन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट
रोशनपुरा चौराहे से गांधी पार्क और लाल परेड मैदान की ओर जाने वाले वाहन अपेक्स बैंक, लिंक रोड-1, बोर्ड ऑफिस और मैदा मिल रोड से आवागमन कर सकेंगे।
इसी तरह डीबी मॉल तिराहे से जेल रोड और लाल परेड मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
लिली चौराहे से जहांगीराबाद और लाल परेड मैदान की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग परिवर्तित रहेगा।
यात्री बसों के लिए ये रास्ते रहेंगे खुले
टीटी नगर और न्यू मार्केट से रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड की ओर जाने वाली मिनी और बड़ी बसें अपेक्स बैंक, लिंक रोड-1, बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल, मैदा मिल रोड, सुभाष नगर आरओबी, प्रभात चौराहा, बोगदापुल और भारत टॉकीज होते हुए जा सकेंगी।
वहीं बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से टीटी नगर-न्यू मार्केट की ओर आने वाली बसें भारत टॉकीज, पुल बोगदा, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर आरओबी, मैदा मिल रोड, डीबी मॉल और बोर्ड ऑफिस चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।
बाइक, कार और जीप के लिए वैकल्पिक रूट
दो पहिया वाहन, कार और जीप चालक रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा, पुराना मछली घर, खटलापुरा मार्ग और पीएक्यू तिराहा वाले मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समारोह के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्ट रूट का इस्तेमाल करें।
नागरिक इन गेट से कर सकेंगे प्रवेश
समारोह में आने वाले नागरिकों के लिए विजय द्वार और कैंटीन द्वार से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।पुलिस पेट्रोल पंप के सामने एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस और जेल मुख्यालय से गेट नंबर-3 विजय द्वार की ओर नागरिक प्रवेश कर सकेंगे।वहीं पीएचक्यू से जहांगीराबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस और जेल मुख्यालय ग्राउंड से गेट नंबर-5 कैंटीन द्वार से प्रवेश की सुविधा रहेगी।
स्कूली बच्चों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था
स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं विजय द्वार, मजार द्वार, प्रबंध द्वार और एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से समारोह स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।बच्चों को लेकर आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर ड्रॉप और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
समारोह में आने वाली बसों की पार्किंग यहां होगी
कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसें लोगों को कंट्रोल रूम तिराहा स्थित विजय द्वार के पास उतारेंगी। इसके बाद बसों को एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस या जेल मुख्यालय ग्राउंड में पार्क किया जा सकेगा।पुराने शहर से स्कूली बच्चों को लेकर आने वाली बसें पुराना एसपी ऑफिस तिराहा (स्टेट बैंक तिराहा) से बाएं मुड़कर गेट नंबर-5 प्रबंध द्वार पर बच्चों को उतारेंगी। इसके बाद शब्बन चौराहा होते हुए पुरानी जेल परिसर में बसें पार्क की जाएंगी।नए शहर या जेल मुख्यालय की ओर से आने वाली बसें गेट नंबर-4 मजार गेट पर बच्चों को उतारेंगी। इसके बाद पीएचक्यू तिराहे से बाएं मुड़कर खटलापुरा मंदिर रोड पर पार्किंग की जाएगी।पुराने शहर से आने वाली अन्य बसें भी गेट नंबर-4 पर बच्चों को उतारकर कंट्रोल रूम तिराहे के रास्ते एमवीएम मैदान में पार्क की जा सकेंगी।
अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग पार्किंग
परेड में शामिल होने वाले अधिकारी-कर्मचारी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने वाहन पीएचक्यू गेट नंबर-2, 7वीं वाहिनी अस्पताल, रुस्तमजी आवासीय परिसर और प्रतिमा मलिक अस्पताल परिसर में पार्क कर सकेंगे।इसके बाद निर्धारित मार्ग से लाल परेड मैदान में प्रवेश किया जा सकेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर घर से निकलने से पहले देखें ट्रैफिक प्लान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के चलते भोपाल के न्यू मार्केट, रोशनपुरा, जहांगीराबाद, डीबी मॉल, जेल रोड और लाल परेड मैदान के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को सलाह है कि वे 15 अगस्त को यात्रा से पहले अपना रूट तय करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।