छतरपुर। छतरपुर जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में किसान और उसके 10 वर्षीय बेटे की जान चली गई। रविवार शाम करीब 4 बजे ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। ट्रैक्टर पर सवार किसान संतोष यादव (37) और उनके बेटे दुर्गेश की मौत हो गई। हादसे के वक्त संतोष की 12 वर्षीय बेटी राशि भी खेत में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता और भाई को कुएं में गिरते देखा।
बेटी ने चाचा को आवाज लगाकर दी हादसे की सूचना
हादसे के समय संतोष की बड़ी बेटी राशि खेत में ही थी। उसने पिता और छोटे भाई को ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरते देखा तो चीखने लगी। इसके बाद उसने खेत में पानी दे रहे अपने बड़े पिता देशराज यादव को आवाज लगाई। देशराज, संतोष के बड़े भाई हैं।बच्ची की आवाज सुनकर देशराज कुएं के पास पहुंचे और ग्रामीणों तथा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
70 फीट गहरा था बिना मुंडेर का कुआं
जानकारी के मुताबिक, खेत में बने कुएं की गहराई करीब 70 फीट थी और हादसे के समय उसमें लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ था। कुएं पर मुंडेर नहीं थी। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे कुएं में जा गिरा।रेस्क्यू टीम ने मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी बाहर निकालना शुरू किया। रात करीब 7:10 बजे दो लोग शव निकालने के लिए कुएं में उतरे। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद पिता-पुत्र के शव बाहर निकाले गए। इस दौरान ट्रैक्टर को भी कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
धनतेरस पर ही खरीदा था नया ट्रैक्टर
संतोष यादव ने धनतेरस के दिन ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। जिस ट्रैक्टर से वह खेत की जुताई कर रहे थे, वही अनियंत्रित होकर उनकी और बेटे की मौत का कारण बन गया।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
10 वर्षीय दुर्गेश कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह अपनी दो बड़ी बहनों आयुषी (14) और राशि (12) के बीच इकलौता भाई था। एक ही हादसे में पिता और भाई को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।