बड़वानी। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त से हो चुकी है। अभियान के तहत अब हर शुक्रवार सरकारी दफ्तरों में बैठकें नहीं होंगी। इस दिन अधिकारी-कर्मचारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेंगे और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की दिशा में काम करेंगे। इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को बड़वानी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम में शामिल होकर आम जनता से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
सीएम हेल्पलाइन के जरिए होगी शिकायतों की समीक्षा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रमुख उद्देश्य सरकारी योजनाओं और लोक सेवाओं को आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। बड़वानी में मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों के निराकरण की गहन समीक्षा करेंगे। पूरी कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसमें शिकायतों के निराकरण की स्थिति, लंबित मामलों और लोगों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी की समीक्षा की जाएगी। राज्य सरकार ने आम जनता की समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, लगातार मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
सरकारी स्कूल का निरीक्षण करेंगे मुख्यमंत्री
बड़वानी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरलाय का भी निरीक्षण करेंगे। यहां मुख्यमंत्री जिले के पहले मैथ्स पार्क का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही वे स्कूल में संचालित आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास की व्यवस्थाओं को भी देखेंगे। मुख्यमंत्री इन शैक्षणिक सुविधाओं के जरिए विद्यार्थियों को मिल रही आधुनिक शिक्षा और तकनीकी संसाधनों की जानकारी लेंगे। स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और उनके उपयोग की स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा।
किसानों और उद्यमियों से सीएम का सीधा संवाद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसानों, उद्यमियों और विद्यार्थियों के साथ संवाद भी प्रमुख हिस्सा रहेगा। जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री जिले के प्रगतिशील किसानों, सफल उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन में बेहतर काम करने वाले किसानों के अनुभवों और नवाचारों की जानकारी मुख्यमंत्री लेंगे।
कपास से लेकर मछली पालन तक किसानों से चर्चा
संवाद के दौरान बड़वानी जिले में HDPS तकनीक से कपास की खेती करने वाले किसानों से चर्चा होगी। इसके अलावा कस्टम हायरिंग सेंटर, किसान उत्पादक संगठन (FPO) और शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण लेकर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने वाले हितग्राहियों से भी मुख्यमंत्री बातचीत करेंगे। दुग्ध उत्पादन, निमाड़ी गायों के संरक्षण, मछली बीज उत्पादन और मछली पालन जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे किसानों से भी उनके अनुभवों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री किसान संगठनों के पदाधिकारियों से भी संवाद करेंगे। इस दौरान ई-टोकन व्यवस्था सहित किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
सफल उद्यमियों से भी जानेंगे अनुभव
बड़वानी जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे सफल उद्यमियों के साथ भी मुख्यमंत्री संवाद करेंगे। इसमें फूड प्रोसेसिंग और एग्रो इंडस्ट्रीज, कपास एवं जिनिंग उद्योग, रिन्यूएबल एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट, इको-फ्रेंडली उत्पाद, विनिर्माण एवं नवाचार और स्टार्टअप क्षेत्र में काम करने वाले उद्यमी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री उद्यमियों से उनके कारोबार, रोजगार सृजन, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और नवाचार से जुड़े अनुभवों की जानकारी लेंगे।
विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर भी होगी चर्चा
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री से संवाद का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों से उनकी उपलब्धियों, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। सरकार की ओर से इस तरह के संवाद का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बेहतर काम कर रहे लोगों और युवाओं के अनुभवों को सामने लाना और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है।
हर शुक्रवार मैदानी स्तर पर होगी मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार अधिकारियों के लिए मैदानी स्तर पर काम करने का दिन निर्धारित किया गया है। इस दिन नियमित बैठकों के बजाय अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं और सरकारी सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। बड़वानी में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इसी अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सीधे जनता की शिकायतों, योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उनकी समस्याओं का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित हो।