उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन जिले के नागदा दौरे पर अलग अंदाज में नजर आए। सीएम ने बड़े वाहनों के काफिले को छोड़कर बुलेट की सवारी की और सैकड़ों मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री के इस अंदाज को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
नागदा में बुलेट पर दिखे सीएम डॉ. मोहन यादव
उज्जैन जिले के नागदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के बाद सीएम मोहन यादव बुलेट पर सवार होकर निकले। आमतौर पर मुख्यमंत्री बड़े वाहनों के काफिले के साथ चलते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने मोटरसाइकिल का विकल्प चुना। मुख्यमंत्री की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी। सैकड़ों बाइक सवारों के साथ सीएम का काफिला लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
5017 करोड़ की लागत वाले ग्रीनफील्ड हाईवे का भूमिपूजन
नागदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जावरा-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और औद्योगिक विकास के साथ निवेश को भी बढ़ावा देगी। इसके साथ ही उज्जैन-जावरा टू-लेन स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर भी आवश्यक प्रयास करने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
नागदा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नागदा को केंद्रीय विद्यालय की सौगात दी। पहले चरण में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी। विद्यालय में कुल 200 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें 25 प्रतिशत सीटें शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत आरक्षित रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता और राष्ट्रीय मूल्यों के निर्माण का माध्यम है।
ITI, डैम और फूड प्रोसेसिंग प्लांट की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागदा क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नागदा में ITI कॉलेज, अटलावदा-निनावटखेड़ा क्षेत्र में डैम निर्माण और खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग प्लांट एवं मटर मंडी स्थापित करने की बात कही। इन परियोजनाओं से रोजगार, सिंचाई और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रहा और इसके लिए कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार रहीं। सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के विकास को नई गति देने का काम कर रही है।