भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दोपहर 3 बजे भोपाल स्थित संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क का भ्रमण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पार्क में संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का जायजा लेंगे। साथ ही प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से सीधे संवाद कर उनके अनुभव और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अकादमिक लैब और आधुनिक सुविधाओं का करेंगे अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्लोबल स्किल्स पार्क में अकादमिक लैब का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध आधुनिक तकनीकी सुविधाओं और लैब में युवाओं को दी जा रही व्यावहारिक ट्रेनिंग की जानकारी लेंगे।मुख्यमंत्री प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, पाठ्यक्रम और युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही कौशल विकास सुविधाओं की भी समीक्षा करेंगे।
550 प्रशिक्षुओं से करेंगे सीधा संवाद
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ग्लोबल स्किल्स पार्क में आयोजित प्रशिक्षणार्थियों के ओरियंटेशन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे प्रशिक्षण ले रहे करीब 550 प्रशिक्षुओं से संवाद करेंगे।मुख्यमंत्री युवाओं से उनके प्रशिक्षण अनुभव, रोजगार की संभावनाओं और प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली सुविधाओं को लेकर चर्चा कर सकते हैं।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी होगी चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से भी मुलाकात और चर्चा करेंगे। बैठक में कौशल प्रशिक्षण को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा।इस दौरान युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को तैयार करने पर जोर
सरकार की प्राथमिकता युवाओं को ऐसे कौशल से लैस करने की है, जिनकी मांग उद्योगों में लगातार बनी हुई है। ग्लोबल स्किल्स पार्क में आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कौशल विकास, आधुनिक प्रशिक्षण तकनीक और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को तैयार करने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।