भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के अवसर पर भोपाल के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, रिश्तों के महत्व और सनातन संस्कृति का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से लोगों को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के विराजमान होने का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में मथुरा-वृंदावन में भी भगवान श्रीकृष्ण मुस्कुराएंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भगवान राम ने रिश्तों का महत्व समझाया: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन और आचरण से रिश्तों की अहमियत बताई। उन्होंने लोगों को सदमार्ग पर चलने और मर्यादाओं का पालन करने की प्रेरणा दी।
सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वे सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के 200 देश भारत को सम्मान की नजर से देख रहे हैं।अयोध्या में भगवान श्रीराम के विराजमान होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मथुरा और वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े धार्मिक स्थलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मथुरा-वृंदावन में भी भगवान श्रीकृष्ण मुस्कुराएंगे।
भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आरती उतारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी के स्वरूपों की आरती की। मुख्यमंत्री ने साहसिक कार्य के लिए प्रधान आरक्षक ट्रैफिक जगदीश दांगी को सम्मानित भी किया।कार्यक्रम में सांसद वीडी. शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, महामंत्री राहुल कोठारी, भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।