पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले के दौरे पर कई बड़ी घोषणाएं करते हुए प्रदेश को विकास की नई सौगात दी। उन्होंने 184.83 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया और 35 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। परीक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए मध्य प्रदेश के चार प्रमुख शहरों—भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर—में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।
केन-बेतवा परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर
सीएम मोहन यादव ने कहा कि लगभग एक लाख करोड़ रुपये की केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे सिंचाई, पेयजल और कृषि को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने किसानों से जमीन न बेचने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
पन्ना में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने बृहस्पति कुंड में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बने ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेगा और पन्ना को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
युवाओं के लिए रोजगार और पुलिस भर्ती का ऐलान
सीएम ने बताया कि प्रदेश में पुलिस विभाग के 10 हजार नए पद स्वीकृत किए गए हैं। पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती हुई थी और अब एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिल चुके हैं। उन्होंने डेयरी, मत्स्य पालन और पर्यटन के माध्यम से भी रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया।
यूसीसी और पन्ना के लिए नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू होगा। उन्होंने जुगलकिशोर मंदिर के विकास, महाराज छत्रसाल स्टेडियम के आधुनिकीकरण, बृजपुर में नए महाविद्यालय और नई सड़क एवं पुल परियोजनाओं की भी घोषणा की।