भोपाल/टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ,टीकमगढ़ जिले के खरगापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 189 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 72 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में पुनर्विकसित टीकमगढ़ अमृत भारत रेलवे स्टेशन, सांदीपनि विद्यालय सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस दौरान उन्होंने टीकमगढ़ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इसका भूमि-पूजन जल्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
टीकमगढ़ को मिली शिक्षा और विकास की नई सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि टीकमगढ़ को अमृत भारत रेलवे स्टेशन, नए सांदीपनि विद्यालयों और कई विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि जतारा, खरगापुर और बड़ा गांव में बनाए गए नए सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालय नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का आधार बनेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य लगातार कर रही है।
बुंदेलखंड के विकास और यूसीसी पर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिससे सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को समान अधिकार सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों में समान कानून लागू करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अब तेजी से बदल रहा है। पहले यह क्षेत्र पानी की कमी, पलायन और कृषि संकट के लिए जाना जाता था, लेकिन अब केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और कृषि उत्पादन में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बुंदेलखंड कृषि के क्षेत्र में पंजाब और हरियाणा की बराबरी करेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने किसानों के हित में नदी जोड़ो जैसी बड़ी परियोजनाओं पर कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन कर रही है, जबकि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कभी गंभीर प्रयास नहीं किए गए।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 में मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा केवल 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर लगभग 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दे रही है। दुग्ध उत्पादकों को बेहतर मूल्य दिलाने के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के माध्यम से व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देकर मछुआरा समुदाय की आय बढ़ाने के लिए भी कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने दोहराया कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।