दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान शुरू होने से पहले बुधवार को सभी मतदान दल अपने-अपने पोलिंग बूथों पर पहुंच गए हैं। गुरुवार सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
291 मतदान केंद्रों पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान से एक दिन पहले बुधवार सुबह दतिया शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से सभी मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की गई।
मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद कुल 320 पोलिंग पार्टियों को बसों के माध्यम से उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इनमें 29 रिजर्व मतदान दल भी शामिल हैं, जिन्हें आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है।
मॉकपोल के बाद शुरू होगा मतदान
दतिया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए कुल 1280 मतदान कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।सभी मतदान केंद्रों पर सुबह प्रत्याशियों के एजेंटों की मौजूदगी में मॉकपोल कराया जाएगा। इसके बाद निर्धारित समय पर वास्तविक मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सभी मतदान कर्मचारी दतिया विधानसभा क्षेत्र के बाहर के हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रहे।
हर बूथ पर तैनात रहेंगे CRPF जवान
उपचुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 दतिया के सभी 291 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और एसएएफ के जवान तैनात किए गए हैं।प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम चार CRPF जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।इस उपचुनाव में 233 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 28 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है।
बूथों पर CCTV, वेबकास्टिंग और मेडिकल सुविधाएं
प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है। इसके अलावा किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में रिजर्व ईवीएम मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं।मतदान दलों और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल, मेडिकल सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। मौसम को देखते हुए कई मतदान केंद्रों पर टेंट की व्यवस्था भी की जा रही है।
2.20 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
दतिया विधानसभा उपचुनाव में 2 लाख 20 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।