दतिया | मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आज सामने आएगा। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, जबकि सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू होगी। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार पहला रुझान सुबह करीब 9 बजे तक आने की संभावना है। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी किन्नर संजना भी चुनाव मैदान में हैं।
15 राउंड में पूरी होगी मतगणना
दतिया उपचुनाव की मतगणना 15 राउंड में पूरी की जाएगी। इसके लिए 21 टेबल बनाई गई हैं, जिनमें 20 टेबल ईवीएम और एक टेबल डाक मतपत्रों की गिनती के लिए निर्धारित है। पूरी प्रक्रिया में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच काउंटिंग कराई जाएगी।
71.44% मतदान, 21 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
उपचुनाव में कुल 2,20,410 मतदाताओं में से 1,57,473 मतदाताओं ने मतदान किया था। इस तरह कुल 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। चुनाव मैदान में 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और आज मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि दतिया की जनता ने किसे अपना नया विधायक चुना है।
महिला मतदान में दिखा बड़ा बदलाव
इस बार महिला मतदान प्रतिशत में बड़ा बदलाव देखने को मिला। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं का मतदान पुरुषों से अधिक था, लेकिन इस उपचुनाव में महिला मतदान पुरुषों की तुलना में 5.61 प्रतिशत कम दर्ज किया गया। राजनीतिक जानकार इसे चुनाव परिणाम को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण कारक मान रहे हैं।
भाजपा-कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर
भाजपा ने इस उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया है। ऐसे में पूरे प्रदेश की नजरें आज दतिया के चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं।