दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने उपचुनाव के लिए 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया है। इस समिति की कमान प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सौंपी गई है।बीजेपी ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को चुनाव संचालन समिति का प्रमुख बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। दतिया सीट से बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।

प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से जारी हुई सूची
बीजेपी की ओर से जारी की गई चुनाव संचालन समिति की सूची प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति के बाद जारी की गई है। वहीं, दतिया उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह की अनुशंसा पर समिति का गठन किया गया है।इस समिति में जिले के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
संगठन और स्थानीय निकायों के पदाधिकारियों को भी जगह
बीजेपी ने चुनाव संचालन समिति में जिला पंचायत, नगर पालिका और पार्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को भी शामिल किया है। पार्टी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर चुनावी रणनीति को मजबूत करना और सभी कार्यकर्ताओं व नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।समिति के माध्यम से बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियों, प्रचार अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, बीजेपी ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को चुनाव संचालन समिति की जिम्मेदारी देकर दतिया क्षेत्र में उनके अनुभव और प्रभाव का इस्तेमाल करने की रणनीति बनाई है।दतिया विधानसभा क्षेत्र में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में उपचुनाव में उनकी भूमिका पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बीजेपी ने तेज की उपचुनाव की तैयारियां
बीजेपी प्रदेश महामंत्री और दतिया उपचुनाव के सह प्रभारी राहुल कोठारी ने चुनाव संचालन समिति के गठन का आदेश जारी किया है। पार्टी अब समिति के माध्यम से चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की तैयारी में जुट गई है।