भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच बीजेपी ने बड़ा फैसला लिया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के भोपाल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवास पर अहम बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि आशुतोष तिवारी ही बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी रहेंगे,जबकि चुनावी रणनीति वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में तैयार होगी।
सीएम हाउस में हुई अहम बैठक
दतिया उपचुनाव को लेकर सीएम हाउस में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मौजूद रहे। बैठक में दतिया की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। चारों नेताओं के बीच ताजा राजनैतिक हालात पर मंथन हुआ और आगे की रणनीति तय की गई।
आशुतोष तिवारी ही होंगे बीजेपी उम्मीदवार
बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने साफ किया कि पार्टी ने आशुतोष तिवारी को ही दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि संगठन अपने फैसले पर कायम है और चुनाव आशुतोष तिवारी के नाम पर ही लड़ा जाएगा। बीजेपी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत से ये उपचुनाव जीतेगी।
नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में चुनावी रणनीति
बीजेपी ने दतिया सीट पर वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अनुभव का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। पार्टी का मानना है कि क्षेत्र में डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पकड़ और संगठनात्मक अनुभव चुनाव में मददगार साबित होगा।
इस्तीफों पर बीजेपी का रुख साफ
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा भावावेश में इस्तीफे दिए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन संगठन को कोई आधिकारिक इस्तीफा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं करेगी और सभी को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
बीजेपी का दावा- दतिया में मिलेगी बड़ी जीत
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दावा किया कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के साथ बीजेपी दतिया उपचुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।