दतिया - मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों (Postal Ballots) की गिनती शुरू हुई, जबकि सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज वोटों की काउंटिंग शुरू कर दी गई। मतगणना 15 राउंड में पूरी होगी और पहला रुझान सुबह 9 बजे तक आने की संभावना है।
भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
दतिया उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। वहीं, सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में उतरीं किन्नर संजना सहित कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने इस बार पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने दतिया राजघराने से जुड़े घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है।
21 टेबल पर हो रही मतगणना
मतगणना के लिए 21 टेबल बनाई गई हैं। इनमें 20 टेबल ईवीएम की गिनती के लिए और 1 टेबल डाक मतपत्रों के लिए निर्धारित है। पूरी प्रक्रिया में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। काउंटिंग सेंटर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जा रही है।
71.44% हुआ था मतदान
30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 2,20,410 मतदाताओं में से 1,57,473 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस तरह 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत कम रहा।
मतदान के दौरान विवाद भी हुआ था
मतदान के दिन सिरोल और जिगना में फर्जी मतदान तथा बूथ नंबर-51 पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश के आरोप लगे थे। वहीं, रामसागर मतदान केंद्र से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने का मामला भी चर्चा में रहा, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।