मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को शिकस्त देते हुए अपनी पकड़ बरकरार रखी है। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। यह दतिया में कांग्रेस की लगातार दूसरी बड़ी चुनावी जीत मानी जा रही है। सबसे चर्चित बात यह रही कि पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर भी भाजपा पीछे रह गई। यहां कांग्रेस को 291 वोट, जबकि भाजपा को 264 वोट मिले और कांग्रेस ने 27 वोटों की बढ़त हासिल की।
मतगणना में उतार-चढ़ाव, लेकिन कांग्रेस ने बनाए रखी बढ़त
मतगणना के दौरान कई बार जीत का अंतर बदलता रहा।
9वें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9,519 वोट पहुंच गई थी।
14वें राउंड में कांग्रेस को 6,614 और भाजपा को 3,100 वोट मिले, जिसके बाद बढ़त 7,459 वोट रही।
अंतिम राउंड की गिनती के बाद जीत का अंतर घटकर 6,016 वोट रह गया, लेकिन कांग्रेस ने आरामदायक जीत दर्ज कर ली।
काउंटिंग सेंटर पर भाजपा-कांग्रेस एजेंटों में नोकझोंक
मतगणना के दौरान नौवें राउंड में ईवीएम रखने के स्थान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के एजेंटों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर तक दोनों पक्षों में बहस हुई, जिसके बाद पुलिस और चुनाव अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
आशुतोष तिवारी बोले- हार की समीक्षा होगी
हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी चुनाव परिणाम की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को अपनी "मां" कहा, उन्हीं लोगों ने चुनाव में धोखा दिया। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि "भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को कोई बलि का बकरा नहीं बना सकता। मैं पार्टी का साधारण कार्यकर्ता हूं और हमेशा कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं के बीच रहकर काम करता रहूंगा।" उन्होंने यह भी कहा कि दतिया आस्था की नगरी है और यहां अनावश्यक राजनीतिक मंथन की बजाय जनता की भावना का सम्मान किया जाना चाहिए।
घनश्याम सिंह बोले- भीतरघात का असर नहीं पड़ा
जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि चुनाव में भीतरघात की चर्चाएं जरूर हुईं, लेकिन उसका परिणाम पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है और यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद हुआ था उपचुनाव
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव कराया। गौरतलब है कि 2023 विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था। अब उपचुनाव में भी कांग्रेस ने सीट अपने कब्जे में बरकरार रखी।
पीसी शर्मा ने मतदाताओं को दिया धन्यवाद
कांग्रेस की जीत के बाद भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने दतिया की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र और कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा जताया है।
सपा ने बताया गठबंधन की जीत
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कांग्रेस-सपा गठबंधन की संयुक्त जीत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर चुनाव में मेहनत की, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।
लाइव अपडेट्स
कांग्रेस-सपा नेताओं ने मेलोडी टॉफी खिलाकर मनाई जीत, गठबंधन की एकजुटता का दिया संदेश
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने अनोखे अंदाज में जीत का जश्न मनाया। दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर जीत की बधाई दी और गठबंधन की मजबूती का संदेश दिया।
जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस और सपा के नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और कार्यकर्ताओं के साथ जीत की खुशी साझा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गठबंधन के समर्थन में नारे लगाए और आगामी चुनावों में भी इसी एकजुटता को बनाए रखने की बात कही।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को विपक्षी गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। इसी के चलते दोनों दलों के नेताओं ने इस जीत को साझा उपलब्धि बताते हुए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
हार के बाद आशुतोष तिवारी का बड़ा बयान, बोले- MLA या MP बनना मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं
दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि विधायक (MLA) या सांसद (MP) बनना उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य नहीं है, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के भरोसे पर खरा उतरना उनके जीवन की अंतिम सांस तक प्राथमिकता रहेगा।
आशुतोष तिवारी ने कहा कि चुनाव में यदि भीतरघात हुआ है, तो ऐसे लोगों को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग भाजपा को अपनी "मां" कहते हैं और फिर उसी के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं, उन्हें भावनात्मक रूप से भी इस पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीति को व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर रखना चाहिए। उनके मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी को "पार्टी विद डिफरेंस" के रूप में जाना जाता है, जहां कार्यकर्ता सेवा और संगठन की विचारधारा के साथ काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चलकर समाज की सेवा के लिए समर्पित रहता है।
दतिया में कांग्रेस की जीत, जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल कर कार्यकर्ताओं को दी बधाई
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करने के बाद पार्टी में जश्न का माहौल है। जीत के तुरंत बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल के जरिए दतिया के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत कर उन्हें जीत की बधाई दी।
पटवारी ने इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लगातार मेहनत और दतिया की जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस की नीतियों और संगठन पर विश्वास जताया है।
वीडियो कॉल के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी जीत की खुशी साझा की और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। कांग्रेस खेमे में इस जीत को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दतिया के रुझानों के बीच खंडवा में कांग्रेस को मिला नया समर्थन
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मिल रहे रुझानों के बीच खंडवा जिले से भी पार्टी के लिए सकारात्मक खबर सामने आई है। पंधाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंगोट में भाजपा से जुड़े 20 से 25 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह पुरनी ने पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कांग्रेस का गमछा पहनाकर उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटनाक्रम को पार्टी के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत बताया। उनका कहना है कि प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल और उपचुनाव के रुझानों का असर अन्य जिलों में भी दिखाई देने लगा है, जिसके चलते लोग कांग्रेस से जुड़ने का निर्णय ले रहे हैं।
मुकेश नायक बोले- दतिया का फैसला सरकार के खिलाफ जनता की राय
दतिया विधानसभा उपचुनाव के रुझानों पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जनादेश प्रदेश की जनता की स्पष्ट राय को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना संदेश दिया है और इसके लिए वह सभी मतदाताओं को नमन करते हैं।
मुकेश नायक ने दावा किया कि पिछले कुछ समय में मध्य प्रदेश में हुए उपचुनावों के परिणाम भाजपा के प्रति जनता के बदलते रुख का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सीटों पर भाजपा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला और कई स्थानों पर उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार दतिया का परिणाम भी इसी क्रम का हिस्सा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता अब प्रशासनिक कार्यशैली, भ्रष्टाचार, पक्षपात और प्रतिशोध की राजनीति से नाराज है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने अपने वोट के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है और लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है।
मुकेश नायक ने कहा कि दतिया उपचुनाव का जनादेश केवल एक विधानसभा सीट का परिणाम नहीं, बल्कि जनता की सोच और अपेक्षाओं को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतिम परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में रहेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- दतिया का जनादेश बदलाव का संकेत
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस को मिल रही बढ़त के बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय ने इसे जनता के बदलाव के फैसले का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में खुलकर समर्थन दिया है और यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में नए दौर की शुरुआत का संदेश दे रहा है।
शिवाकांत पांडेय ने दावा किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठित तरीके से काम किया, जिसका असर अब मतगणना के रुझानों में साफ दिखाई दे रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह लगातार मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। उनके मुताबिक दतिया की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है और यह उपचुनाव का परिणाम आने वाले समय में मध्य प्रदेश की राजनीति पर भी असर डाल सकता है।
जीत के रुझानों से कांग्रेस खेमे में उत्साह, कार्यकर्ताओं ने शुरू किया जश्न
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस को लगातार बढ़त मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। दतिया शहर में समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और ढोल-ताशों के साथ जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है। मतगणना पूरी होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता का फैसला केवल दतिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका संदेश पूरे प्रदेश और देश की राजनीति में भी दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं ने बदलाव के पक्ष में अपना समर्थन दिया है और यह परिणाम भाजपा के खिलाफ जनभावना को दर्शाता है।
मतगणना के दौरान बढ़त मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं के बयान भी लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं, अंतिम नतीजे आने तक भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की नजर बाकी राउंड की मतगणना पर बनी हुई है।
मतगणना केंद्र पर ईवीएम के क्रम को लेकर हुआ विवाद
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दौरान दतिया पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर में नौवें राउंड के समय कुछ देर के लिए हल्का विवाद देखने को मिला। ईवीएम मशीनों के क्रम (सीक्वेंस) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गर्म हो गया।
टना की सूचना मिलते ही एएसपी मंजीत सिंह पुलिस बल के साथ काउंटिंग सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की और समझाइश देकर विवाद को शांत कराया। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही।
मीडिया से बातचीत में एएसपी मंजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि ईवीएम में किसी भी तरह की तकनीकी खराबी या गड़बड़ी नहीं थी। उन्होंने बताया कि केवल मशीनों के क्रम को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी, जिसे मौके पर ही दूर कर दिया गया।
शुरुआती रुझानों से उत्साहित कांग्रेस, मुख्यालय में जश्न का माहौल
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में मिल रहे रुझानों से उत्साहित कांग्रेस ने भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालय में जश्न की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी जा रही हैं और जीत को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस ने बताया कि मतगणना के बीच पार्टी मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम 4 बजे भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के राजीव गांधी सभागार में आयोजित की जाएगी, जहां दोनों दल चुनावी रुझानों और आगे की रणनीति पर अपनी बात रखेंगे।
आठवें चरण की गिनती के बाद कांग्रेस मजबूत स्थिति में
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में आठवें राउंड के बाद कांग्रेस ने अपनी बढ़त को और मजबूत करते हुए 5,278 वोटों का अंतर हासिल कर लिया है। शुरुआती राउंड की कड़ी टक्कर के बाद अब कांग्रेस लगातार बढ़त बनाए हुए है, जिससे चुनावी मुकाबले का रुख उसके पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है।
नरोत्तम मिश्रा का कांग्रेस पर हमला, बोले- भीतरघात राजेंद्र भारती के लिए नया नहीं
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर सामने आ रहे मतभेद कोई नई बात नहीं हैं और इसे लेकर कांग्रेस को खुद जवाब देना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का दावा- दतिया की जनता ने कांग्रेस पर जताया भरोसा
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि क्षेत्र की जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती रुझान और मतगणना कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनने का संकेत दे रहे हैं और अंतिम परिणाम भी पार्टी के हित में रहेगा।
घनश्याम सिंह का दावा- भीतरघात का असर सीमित, जीत कांग्रेस की होगी
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने पार्टी में कथित भीतरघात के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसका चुनावी परिणाम पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक, अंदरूनी विरोध से अधिकतम दो से ढाई हजार वोटों का नुकसान हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस मजबूत स्थिति में है।
कांग्रेस में अंदरूनी कलह पर नरोत्तम मिश्रा का तंज
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस में कथित भीतरघात को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही उठापटक कोई नई बात नहीं है और इसे लेकर विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए।
पिछली बार के मुकाबले कम दिखा मतदान का उत्साह
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया सीट पर इससे अधिक मतदान हुआ था। इस बार उपचुनाव में अपेक्षाकृत कम वोटिंग दर्ज होने से राजनीतिक दल भी मतदान प्रतिशत के प्रभाव का आकलन करने में जुटे हैं। अब सभी की नजर मतगणना के नतीजों पर है कि कम मतदान का फायदा किस दल को मिलता है।
घनश्याम सिंह का बड़ा दावा, बोले- 12 से 15 हजार वोटों से दर्ज करेंगे जीत
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती राउंड के बाद अब छठे चरण से शहर के मतदान केंद्रों की मतगणना शुरू होगी, जहां कांग्रेस को बेहतर समर्थन मिलने की उम्मीद है। उनका कहना है कि इसके बाद पार्टी की बढ़त लगातार बढ़ेगी और अंततः कांग्रेस 12 हजार से 15 हजार वोटों के अंतर से चुनाव जीतेगी।
दतिया में 71.44% मतदान, 2023 के मुकाबले करीब 9% कम
दतिया उपचुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार 410 पंजीकृत मतदाताओं में से 1 लाख 57 हजार 460 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान 71.44% दर्ज किया गया, जो 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 9 प्रतिशत कम रहा।
'कांच के महलों में रहने वाले पत्थर न फेंकें': राजेंद्र भारती
राजेंद्र भारती ने घनश्याम सिंह के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें कायर और डरपोक बताया। उन्होंने कहा कि संभावित हार के डर से घनश्याम सिंह मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। भारती ने दावा किया कि घनश्याम सिंह ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की सहमति और सहयोग से चुनाव लड़ा था। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग खुद कांच के महलों में रहते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर फेंकने से बचना चाहिए।
पहले राउंड में पिछड़े, चौथे से बढ़त की उम्मीद: दामोदर यादव
दतिया में आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव मतगणना स्थल पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले राउंड में वे पीछे जरूर हैं, लेकिन मतगणना अभी शुरुआती दौर में है। उनका दावा है कि चौथे राउंड से उन्हें बढ़त मिल सकती है और अंत में जीत उनकी ही होगी।
तीसरे राउंड में कांग्रेस को 4998 वोट:लगातार दो राउंड में आगे; भाजपा को 4262 मत, लीड घटकर 192 बची
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के तीसरे राउंड में कांग्रेस आगे है। इसमें भाजपा को 4262, कांग्रेस को 4998 जबकि आजाद समाज पार्टी को 1344 वोट मिले हैं। अब भाजपा की लीड घटकर 192 वोट रह गई है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव दतिया पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर पहुंच चुके हैं। लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह अब तक नहीं दिखे हैं।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को निलंबित किया है
दतिया उपचुनाव के नतीजे आने से ठीक एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया। पार्टी ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। आदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने जारी किया।
दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दूसरे सीनियर लीडर्स को लिखित शिकायत भेजी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजेंद्र भारती ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया और भितरघात किया।