दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी 19 वर्षीय अक्षत यादव की मौत हो गई। अक्षत दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था और बेहतर भविष्य का सपना लेकर राजधानी में रह रहा था।रविवार को करीब 40 साल पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इसी दौरान अक्षत भी मलबे की चपेट में आ गया।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान अक्षत को मलबे से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने कटनी में रह रहे परिजनों को हादसे की जानकारी दी। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि बताई गई है।
अक्षत की मौत से कटनी में शोक
अक्षत की मौत की खबर मिलते ही कटनी की दुबे कॉलोनी स्थित घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो गए और अब अक्षत के शव को कटनी लाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पड़ोसी दीपक खंपरिया के मुताबिक, अक्षत पढ़ाई में अच्छा होने के साथ ही बेहद मिलनसार स्वभाव का था। वह हाल ही में रक्षाबंधन के मौके पर घर आया था।
परिवार का इकलौता बेटा था अक्षत
परिजनों के अनुसार, अक्षत परिवार का इकलौता बेटा था। वह उच्च शिक्षा हासिल कर परिवार का नाम रोशन करने का सपना देख रहा था। उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों ने बताया कि अक्षत के शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर कटनी के लिए रवाना होंगे।अक्षत की असमय मौत से उसके परिवार के साथ-साथ दुबे कॉलोनी और पूरे कटनी शहर में शोक का माहौल है।