धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 15-16 वर्षीय बालिका के कान में एक छोटा बिच्छू घुस गया। बालिका और उसके परिजनों को लगा कि कान में कोई छोटा कीड़ा चला गया है। उसे निकालने के लिए करीब एक घंटे तक प्रयास किया गया और कान में पानी भी डाला गया, लेकिन परेशानी दूर नहीं हुई। इसके बाद परिजन बालिका को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान कान के भीतर मौजूद जीव की पहचान हुई। सावधानीपूर्वक उपचार के बाद डॉक्टर ने बिच्छू को कान से बाहर निकाला।
घर में चारा और सामान हटाते समय कान में घुसा जीव
मामला धार जिले के बाग क्षेत्र के ग्राम वेकलिया का है। जानकारी के मुताबिक बनसिंह चौहान की बेटी घर में चारे का भारा और अन्य सामान इधर-उधर कर रही थी। इसी दौरान उसे अचानक कान के अंदर कुछ घुसने और हलचल महसूस हुई। बालिका को लगा कि शायद कोई छोटा कीड़ा कान में चला गया है। परिजनों ने भी यही मानते हुए उसे निकालने की कोशिश की। उन्होंने कान में पानी भी डाला, लेकिन करीब एक घंटे तक बालिका को राहत नहीं मिली।
कान में दिखाई दी जीव की पूंछ
जब परेशानी कम नहीं हुई तो परिजन बालिका को बाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके शिंदे के पास लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने कान की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कान के अंदर कोई जीव दिखाई दिया और उसकी हल्की पूंछ भी नजर आई। डॉक्टर ने बेहद सावधानी से उसे बाहर निकाला तो परिजन हैरान रह गए। कान के अंदर मौजूद जीव कोई सामान्य कीड़ा नहीं बल्कि छोटा बिच्छू था।
समय पर डॉक्टर के पास पहुंचने से सुरक्षित निकला बिच्छू
बिच्छू को सावधानीपूर्वक बाहर निकालने के बाद बालिका को आवश्यक उपचार दिया गया। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से स्थिति को संभाल लिया गया। कान में कीड़ा चले जाने की घटनाएं आम तौर पर सामने आती हैं, लेकिन कान के अंदर बिच्छू पहुंचने का यह मामला बेहद असामान्य माना जा रहा है।
सामान हटाते समय कैसे कान तक पहुंचा बिच्छू?
घटना के बाद बालिका के परिजन भी हैरान हैं कि घर में चारा और सामान इधर-उधर करते समय बिच्छू आखिर उसके कान तक कैसे पहुंच गया। डॉ. आरके शिंदे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद बाग में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने ही जांच के दौरान बालिका के कान से बिच्छू को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला।