धार, मध्य प्रदेश: धार-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात के वडोदरा से उज्जैन महाकाल मंदिर के दर्शन कर लौट रहे छह युवकों की ईको वैन सामने से आ रहे ट्रॉला से टकरा गई। हादसे में वैन सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉला ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर लोहे के सामान से भरा ट्रॉला रॉन्ग साइड से तेज गति में उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
महाकाल दर्शन के बाद लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, सभी युवक गुजरात के वडोदरा से उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद वे मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) से गुजरात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पंचकवासा के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
ट्रॉला चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ईको वैन की खिड़की का कांच तोड़कर मृतकों और घायल युवक को बाहर निकाला।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
गुजरात में परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को गुजरात में हादसे की सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने फरार ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद यातायात हुआ प्रभावित
भीषण टक्कर के बाद धार-उज्जैन फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और ट्रॉला चालक की तलाश को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।