ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त IG अरविंद सक्सेना को बेहद अनोखे अंदाज में विदाई दी गई। विदाई समारोह के दौरान पुलिस आरक्षक सुनील यादव ने अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दांतों के सहारे फूलों से सजी कार खींचकर सभी को हैरान कर दिया। यह अनोखा दृश्य अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
दांतों से खींची विदाई की कार
IG कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त IG अरविंद सक्सेना फूलों से सजी कार में सवार थे। इसी दौरान आरक्षक सुनील यादव ने रस्सी को अपने दांतों से पकड़कर कार को कार्यालय परिसर से मुख्य सड़क तक खींचा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग तालियों से उनका उत्साहवर्धन करते रहे।
सैल्यूट कर दी भावभीनी विदाई
कार को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बाद आरक्षक सुनील यादव ने रिटायर IG अरविंद सक्सेना को सैल्यूट कर सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पहले भी कर चुके हैं ऐसे कारनामे
आरक्षक सुनील यादव अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता के लिए पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। वे इससे पहले दांतों के सहारे ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य भारी वाहन खींचने जैसे हैरतअंगेज प्रदर्शन कर चुके हैं। इसी वजह से उनकी अलग पहचान बनी हुई है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
विदाई समारोह में DIG असित यादव, SSP धर्मवीर सिंह समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अरविंद सक्सेना के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।