ग्वालियर: ग्वालियर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार-गुरुवार रात से बारिश का दौर शुरू हो गया। रात में हल्की से मध्यम बारिश के बाद गुरुवार को दिन में भी शहर और अंचल के कई हिस्सों में वर्षा हुई। पिछले 24 घंटे में ग्वालियर में 26.1 मिलीमीटर यानी करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
अगले चार दिन भी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक ग्वालियर सहित आसपास के इलाकों में अगले चार दिनों तक कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कम दबाव का क्षेत्र बढ़ा रहा मानसूनी गतिविधियां
मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, उससे सटे दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ अंचल में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
तीन डिग्री गिरा दिन का तापमान
बारिश का सीधा असर तापमान पर भी देखने को मिला। बुधवार को ग्वालियर में दिन का तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को यह घटकर 31 डिग्री पर आ गया। शाम साढ़े पांच बजे तक तापमान और गिरकर 28.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान में गिरावट के कारण मौसम ठंडा हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।
शहर के कई इलाकों में जलभराव
गुरुवार को हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। नगर निगम की टीमों ने सूचना मिलने के बाद जल निकासी का काम शुरू किया। जलभराव की समस्या कंपू, स्टेशन बजरिया, रेसकोर्स रोड, गोले का मंदिर मुख्य मार्ग, रतन कॉलोनी, चेतकपुरी, SAF रोड, बाल भवन समेत कई इलाकों में देखने को मिली। इसके अलावा मुरार क्षेत्र में सात नंबर चौराहा, राजमाता चौराहा, भीम नगर, ईश्वर विहार कॉलोनी, नेक टैंक पुलिया और जाटव मोहल्ला में भी बारिश का पानी जमा हो गया। निगम के अमले ने विभिन्न स्थानों पर पानी निकालने के लिए मशक्कत की। बारिश के अगले कुछ दिनों तक जारी रहने के अनुमान को देखते हुए शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। प्रशासन और नगर निगम के सामने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की चुनौती रहेगी।