भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया। ‘सोशल मीडिया डायलॉग- कॉफी विद स्टेट प्रेसिडेंट’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स से सोशल मीडिया को सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने की अपील की।
विकसित भारत के संकल्प को करें साकार
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इसे पूरा करने के लिए समाज के हर वर्ग, युवा और नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन या सूचना के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं है, बल्कि लोगों की राय, विचार और व्यवहार को प्रभावित करने वाला सशक्त प्लेटफॉर्म बन चुका है।
एक पोस्ट और वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचता है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट, वीडियो, रील या सकारात्मक विचार कुछ ही समय में लाखों लोगों तक पहुंच सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया का उपयोग विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने के लिए किया जाए।
विकास और सकारात्मकता की सोच को आगे बढ़ाने की अपील
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मकता, राष्ट्र निर्माण, नवाचार, युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता और विकास की सोच को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। देश की उपलब्धियों, युवाओं की सफलता, स्टार्टअप, तकनीक, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हर पोस्ट में दिखे विकसित भारत की झलक
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को समाज को जागरूक करने, जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने का माध्यम बनाना होगा। युवाओं की हर पोस्ट और हर संदेश में भारत के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत तभी संभव होगा, जब केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित हो।
सोशल मीडिया की शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान
हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और युवाओं से मिलकर सोशल मीडिया की शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में सोशल मीडिया से जुड़े युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में भाजपा सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, चंबल संभाग प्रभारी आयुष शर्मा सहित सोशल मीडिया के पदाधिकारी मौजूद रहे।