इंदौर में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को करीब 35 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर को नई सड़क, अत्याधुनिक फायर बाइक और 14-D थिएटर समेत कई सुविधाओं की सौगात देंगे। इस दौरान दशहरा मैदान स्थित बगीचे में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के लिए भूमिपूजन भी किया जाएगा।
अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड तक बनेगा सीधा रास्ता
मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा रोड को रिंग रोड से जोड़ने वाली 100 फीट चौड़ी लिंक रोड का लोकार्पण करेंगे। करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से तैयार इस सड़क को ‘अटल पथ’ नाम दिया गया है।नगर निगम के मुताबिक इस सड़क के शुरू होने से अन्नपूर्णा रोड और रिंग रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। करीब 40 साल बाद इस क्षेत्र को रिंग रोड से सीधा जोड़ा जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में आसानी होगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है।
चार अत्याधुनिक फायर बाइक होंगी तैनात
इंदौर को चार अत्याधुनिक फायर बाइक की सौगात भी मिलेगी। मुख्यमंत्री इन्हें जनता को समर्पित करेंगे। इन फायर बाइक का इस्तेमाल खासतौर पर शहर की संकरी गलियों और उन स्थानों पर किया जाएगा, जहां बड़े दमकल वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते।प्रत्येक बाइक में 40 लीटर पानी और 4 लीटर फोम रखने की क्षमता है। जरूरत पड़ने पर आसपास मौजूद बोरवेल या अन्य जलस्रोतों से पानी लेकर भी आग बुझाने में इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा।फायर विभाग के कर्मचारियों को इन आधुनिक फायर बाइक के संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
चिड़ियाघर में 14-D थिएटर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री इंदौर चिड़ियाघर में तैयार किए गए 14-D थिएटर का भी लोकार्पण करेंगे। आधुनिक तकनीक से तैयार यह थिएटर चिड़ियाघर आने वाले लोगों के लिए एक नया आकर्षण होगा।इससे शहर के पर्यटन और मनोरंजन से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भूमिपूजन
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दशहरा मैदान स्थित बगीचे में उनकी प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमिपूजन भी किया जाएगा।इस आयोजन के जरिए पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान और उनकी स्मृतियों को शहर से जोड़ने की पहल की जा रही है।
एक और सड़क के निर्माण कार्य का होगा भूमिपूजन
कार्यक्रम में टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका-बाणगंगा रोड तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा।इस सड़क के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।