इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में अरबिंदो यूनिवर्सिटी के वार्षिक फेस्ट ‘हार्मोनी’ के दौरान गुरुवार दोपहर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में करीब 20 विद्यार्थी घायल हो गए, जिनमें से 9 की हालत को देखते हुए उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है। सभी घायल विद्यार्थी मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान फोड़े गए पटाखे की चिंगारी पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर जा गिरी। इसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां छत्ते से निकलकर विद्यार्थियों पर टूट पड़ीं। अचानक हुए हमले से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और विद्यार्थी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पटाखे की चिंगारी से भड़का मधुमक्खियों का झुंड
एक विद्यार्थी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अरबिंदो कॉलेज में आयोजित वार्षिक फेस्ट ‘हार्मोनी’ में करीब 250 विद्यार्थी मौजूद थे। इसी दौरान एक पटाखा फोड़ा गया। उसकी चिंगारी पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गई, जिसके बाद सैकड़ों मधुमक्खियां बाहर निकलकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं और विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक हुआ कि विद्यार्थियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ विद्यार्थी सिर और चेहरे को चुन्नी या कपड़े से ढककर बचने की कोशिश करते नजर आए, जबकि कई लोग कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिप गए। कुछ विद्यार्थी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
सिर, चेहरे और गर्दन पर लगे डंक
मधुमक्खियों के हमले में कई विद्यार्थियों को सिर, चेहरे, हाथ और गर्दन समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर डंक लगे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें जरूरी उपचार और इंजेक्शन दिए गए। जानकारी के अनुसार, करीब 20 विद्यार्थी इस घटना में घायल हुए हैं। इनमें से 9 विद्यार्थियों को ICU में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को देखते हुए अस्पताल में निगरानी रखी जा रही है।
घटना के वीडियो आए सामने, फेस्ट में मची भगदड़
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विद्यार्थी मधुमक्खियों से बचने के लिए भागते और खुद को कपड़ों से ढकते दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुए हमले से फेस्ट में शामिल विद्यार्थियों में दहशत फैल गई। इस घटना ने कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और आसपास मौजूद मधुमक्खियों के छत्तों को लेकर सतर्कता की जरूरत को भी सामने रखा है।