उज्जैन | मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की तड़के होने वाली दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। उपमुख्यमंत्री करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे और भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। उपमुख्यमंत्री ने विधि-विधान से भगवान महाकाल के दर्शन कर प्रदेश और देश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।
एकादशी पर भस्म आरती के दर्शन कर हुए भावुक
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज उन्हें भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज एकादशी का पावन दिन है और इस दिन बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिलना भगवान की कृपा से ही संभव हुआ है। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताते हुए भगवान महाकाल के प्रति आस्था व्यक्त की।
सभी के सुखी और निरोगी जीवन की कामना की
उपमुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान सभी का कल्याण करें। सभी लोग निरोगी और सुखी रहें तथा हर व्यक्ति पर बाबा महाकाल का आशीर्वाद बना रहे। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर समिति ने किया उपमुख्यमंत्री का स्वागत
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का स्वागत और सत्कार किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मंदिर में बाबा महाकाल की भक्ति और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। एकादशी के अवसर पर उनकी भस्म आरती में उपस्थिति चर्चा का विषय रही।