इंदौर - इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत सोमवार को शहर ने नशामुक्ति के संदेश के साथ नया इतिहास रच दिया। 8,534 लोगों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि के साथ इंदौर पुलिस ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसमें 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला दर्ज की गई थी।
8,534 लोगों ने बनाया नया रिकॉर्ड
कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
पुलिस कमिश्नर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त इंदौर और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
एक आयोजन में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा
इंदौर पुलिस के अनुसार, इस आयोजन में केवल सबसे बड़ी मानव श्रृंखला ही नहीं बनाई गई, बल्कि एक साथ इतने लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के आधार पर भी दूसरे वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा किया गया है। दोनों रिकॉर्ड के लिए संबंधित एजेंसी के समक्ष प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान जारी
इंदौर पुलिस का यह अभियान लगातार स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस्तियों और सामाजिक संगठनों तक पहुंचकर युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहा है। पुलिस का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना और युवाओं को स्वस्थ भविष्य की ओर प्रेरित करना है।