दतिया - बीजेपी के सीनियर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया आज बीजेपी उम्मीदवार के लिए जनता से वोट मांगने के लिए दतिया पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि विकास और जनविश्वास का चुनाव है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आगे पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि, आज मैं दतिया के उपचुनाव के प्रचार में उपस्थित हुआ हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से जीतेंगे। यह विकास का चुनाव है।
'डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध'
बीजेपी के सीनियर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार दतिया के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार पहले भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध थी, आज भी है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी। सिंधिया ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
NEET पेपर लीक पर बोले सिंधिया
वहीं NEET पेपर लीक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के लिए विद्यार्थियों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता ने आगे यह भी कहा कि, विद्यार्थी ही देश का भविष्य होते हैं। उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
'दोषियों के खिलाफ हुई त्वरित कार्रवाई'
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लिया गया है और प्रधानमंत्री मोदी के हस्तक्षेप के बाद दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में जांच तेज की गई है और जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
'भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत'
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो भी व्यक्ति विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और न्यायालय मिलकर ऐसे दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार आवश्यक सुधारों पर काम कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।