कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ जमीन खरीद से जुड़े मामले में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि सरकारी गाइडलाइन में करीब 82.86 लाख रुपये कीमत वाली जमीन को महज 18.20 लाख रुपये में खरीदा गया। मामले में धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग और आपराधिक सांठगांठ समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। जांच में जमीन की रजिस्ट्री के दौरान हुए पैसों के लेन-देन को लेकर भी सवाल उठे हैं।
82 लाख की जमीन 18.20 लाख रुपये में खरीदने का आरोप
पूरा मामला कुठला थाना क्षेत्र के खसरा नंबर 2618/1 की जमीन से जुड़ा है। जांच के अनुसार सरकारी गाइडलाइन में इस जमीन की कीमत 82 लाख 86 हजार रुपये से अधिक थी। आरोप है कि पुलिस का दबाव बनाकर जमीन की रजिस्ट्री केवल 18.20 लाख रुपये में कराई गई।
रजिस्ट्री में 15 लाख रुपये चेक और 3.20 लाख रुपये नकद भुगतान किए जाने की जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है। इसी जमीन सौदे को लेकर पुलिस अधिकारी पर पद के प्रभाव के इस्तेमाल के आरोप लगाए गए हैं।
रजिस्ट्री के दिन दूसरे खातों से ट्रांसफर हुए 15 लाख
जबलपुर की ASP अनु बेनीवाल की जांच में जमीन सौदे से जुड़े बैंक खातों की जानकारी सामने आई। जांच के मुताबिक कागजों में खरीदार बताए गए मारूफ अहमद हनफी के बैंक खाते में पर्याप्त राशि मौजूद नहीं थी।15 अप्रैल 2026 को जमीन की रजिस्ट्री के दिन उसके खाते में दो अलग-अलग खातों से 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इनमें 'शाइन पार्टनर्स' के खाते से 10 लाख और क्षितिज राज बारापात्रे के खाते से 5 लाख रुपये आने की बात जांच में सामने आई है।
दोनों खातों में एक ही PAN नंबर मिलने से बढ़ा संदेह
जांच के दौरान दोनों खातों से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक 'शाइन पार्टनर्स' और क्षितिज राज बारापात्रे के खातों में एक ही PAN नंबर दर्ज मिला।पुलिस ने इस तथ्य को संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कथित सांठगांठ से जोड़ते हुए मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। अब जांच एजेंसियां जमीन की खरीद, रकम के स्रोत और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
CSP नेहा पच्चीसिया ने अपने खिलाफ दर्ज होने वाली FIR की कार्रवाई को चुनौती देते हुए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया था। हालांकि, उनकी याचिका खारिज होने के बाद भोपाल सतर्कता शाखा की शिकायत के आधार पर कुठला थाने में मामला दर्ज किया गया।FIR दर्ज होने के बाद पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
CSP से छीना गया 3 थानों का प्रभार
गंभीर आरोप सामने आने के बाद कटनी SP ने CSP नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार भी हटा दिया था। अब FIR दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।नेहा पच्चीसिया के करियर की बात करें तो पुलिस विभाग में आने से पहले वह एयर इंडिया में एयर होस्टेस के रूप में काम कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने राज्य प्रशासनिक सेवा के जरिए पुलिस विभाग में प्रवेश किया।