खंडवा। खंडवा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंदिरा सागर बांध के सामने स्थित जगमूर्ति सेतु के पास सेल्फी और फोटो खिंचवा रहे वाराणसी (बनारस) से आए श्रद्धालुओं के वाहन को राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तरप्रदेश के वाराणसी से एक परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था। परिवार पहले उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचा और इसके बाद ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान एवं भगवान के दर्शन किए। इसके बाद सभी श्रद्धालु सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम के लिए रवाना हुए थे।
सेल्फी के दौरान हुआ हादसा
यात्रा के दौरान श्रद्धालु इंदिरा सागर बांध के सुंदर नजारे को कैमरे में कैद करने के लिए जगमूर्ति सेतु के पास कुछ देर के लिए रुके। कोई सेल्फी ले रहा था तो कोई परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरा ट्रक अनियंत्रित हो गया और टवेरा वाहन सहित श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन में फंसे चालक को दरवाजा तोड़कर निकाला
टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन चालक अंदर फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और बचाव दल ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायल अपने परिजनों को बचाने की गुहार लगाते रहे।
कुबेरेश्वर धाम जा रहा था परिवार
परिवार महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर में दर्शन करने के बाद सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम की ओर जा रहा था। रास्ते में इंदिरा सागर बांध का खूबसूरत दृश्य देखकर उन्होंने कुछ देर रुककर फोटो और वीडियो बनाने का फैसला किया, लेकिन यह पड़ाव उनकी जिंदगी का सबसे दर्दनाक पल बन गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही नर्मदा थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल इंदिरा सागर बांध स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल खंडवा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।