मध्यप्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए 12 जुलाई का दिन बेहद खास होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भिंड जिले के लहार से लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे। यह कार्यक्रम भिंड जिले के लहार में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे।
विकास कार्यों की भी मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करने के साथ-साथ 322 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
14 जून को जारी हुई थी 37वीं किस्त
इससे पहले 14 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के केसली से योजना की 37वीं किस्त जारी की थी। उस दौरान प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई थी। अब महिलाओं को जुलाई माह की 38वीं किस्त का इंतजार है।
लहार में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लहार दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि लाभार्थियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।