मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सीधी, सतना, शहडोल, पन्ना और मैहर जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, जबलपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आने के आसार हैं। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में इस अवधि के दौरान बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक रहने का अनुमान है।
प्रदेश में अब तक कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 8 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और खुले स्थानों पर न जाएं। तेज हवा और बारिश के समय अनावश्यक यात्रा करने से बचें। किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने तथा बारिश के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।