भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार 20 IAS अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि 6 वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, खरगोन, मंदसौर और आगर मालवा जिलों को नए कलेक्टर मिले हैं।
अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर पर अहम बदलाव
1992 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की जिम्मेदारी पूर्ववत रखते हुए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
1995 बैच के सचिन सिन्हा को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग नियुक्त किया गया है।
1997 बैच के राघवेन्द्र कुमार सिंह को प्रमुख सचिव, वन विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं संदीप यादव को प्रमुख सचिव, जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास प्रवासी भारतीय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
2004 बैच के जॉन किंग्सली ए.आर. को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं भास्कर लक्षकार को इंदौर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। उन्हें नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, इंदौर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इन 6 जिलों को मिले नए कलेक्टर
जारी तबादला आदेश के अनुसार अजय कटेसरिया को रतलाम, रत्नाकर झा को अनूपपुर, मिशा सिंह को शहडोल, गुरू प्रसाद को खरगोन, दिव्यांक सिंह को मंदसौर और डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
वहीं केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। हर्षल पंचोली को एप्को, भोपाल का कार्यपालन संचालक नियुक्त किया गया है। अदिति गर्ग को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में विक्रय-सह-आयुक्त-सह-संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। प्रीति यादव को मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC), इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है।
अतिरिक्त प्रभार में भी हुआ बदलाव
राज्य सरकार ने 6 वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी संशोधन किया है। नीरज मंडलोई से ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उन्हें औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मनीष सिंह को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के साथ ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं डॉ. ई. रमेश कुमार अब राजस्व विभाग के साथ नर्मदा घाटी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का कार्यभार सचिन सिन्हा को मिलने के बाद मनीष सिंह इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त हो गए हैं। वहीं हर्षल पंचोली के एप्को का कार्यभार संभालने के बाद सुधीर कुमार कोचर को एप्को के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा कुमार पुरुषोत्तम को मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सिद्धार्थ जैन को मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव तथा हिमांशु प्रजापति को इंदौर जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।