भोपाल। मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ सरकार अपनी मुहिम को और तेज़ करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में 'नशा से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
युवाओं को नशे से दूर रखने पर रहेगा फोकस
यह अभियान 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना, लोगों में जागरूकता फैलाना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
शपथ, जागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी
रविंद्र भवन में आयोजित होने वाला शुभारंभ कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशा विरोधी शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों का संदेश दिया जाएगा।
नशा मुक्ति सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले भी नशा मुक्ति को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बता चुके हैं। 'नशा से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान को इसी दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा.