मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में ज्यादा रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, नर्मदापुरम, विदिशा, रायसेन, सीहोर, बैतूल, देवास, मंदसौर, नीमच समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका
बारिश के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। झिरन्या में सबसे अधिक 95 मिमी, पलेरा में 72 मिमी और अटेर में 70.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।