उज्जैन- श्रावण मास के पहले सोमवार पर भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए उज्जैन में देर रात से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के 2:30 बजे मंदिर के पट खोले गए, जिसके बाद परंपरागत विधि-विधान के साथ भस्म आरती संपन्न हुई। मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "जय श्री महाकाल" के जयघोष से गूंज उठा। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पंचामृत अभिषेक
भस्म आरती से पहले सभा मंडप में वीरभद्रजी के समक्ष स्वस्तिवाचन कर भगवान से आज्ञा ली गई। इसके बाद गर्भगृह के पट खोलकर भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारा गया और जलाभिषेक के पश्चात दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया। कर्पूर आरती के बाद बाबा महाकाल का भांग, चंदन, ड्राय फ्रूट, पुष्प और आभूषणों से राजाधिराज स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया।
भस्म अर्पण के बाद हुए दिव्य दर्शन
भगवान गणेश, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय के पूजन के बाद महाकाल को फल एवं मिष्ठान का नैवेद्य अर्पित किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को पवित्र भस्म अर्पित की गई। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस दिव्य क्षण का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ भस्म आरती में शामिल हुए।
ओंकारेश्वर-ममलेश्वर की निकलेगी पारंपरिक सवारी
श्रावण मास के पहले सोमवार पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भी विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। दोपहर 3 बजे भगवान श्री ओंकारेश्वर और श्री ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग की पारंपरिक सवारियां अपने-अपने मंदिरों से प्रस्थान करेंगी। कोटीतीर्थ घाट और गोमुख घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद शाम करीब 5 बजे दोनों सवारियां नगर भ्रमण के लिए निकलेंगी, जहां हजारों श्रद्धालु दर्शन का लाभ उठाएंगे।
श्रावण सोमवार पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।