रीवा/सतना/मैहर/उमरिया। महाकोशल-विंध्य अंचल के कई जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि मैहर में नदी में बहे एक बालक की तलाश जारी है।
मैहर में मामा समेत तीन नदी में बहे
मैहर जिले के अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात जुड़ा गांव के पास नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर दो सगे भाइयों समेत तीन लोग बह गए। हादसे में विराज कुशवाहा (7), सार्थक कुशवाहा (5) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा (19) नदी में बह गए। रविवार को दिनभर चले सर्च ऑपरेशन में सार्थक और अंकुल के शव बरामद कर लिए गए। वहीं विराज की तलाश अभी जारी है।
रीवा में नाला में डूबने से दो नाबालिगों की मौत
रीवा जिले के नईगढ़ी जनपद क्षेत्र के हरदी तिवरियान गांव में 15 अगस्त की शाम छर्रहा नाला में नहाने गए दो नाबालिग पानी में डूब गए। मृतकों की पहचान प्रकाश (14) पिता सुरेंद्र बहादुर सिंह और वंश (13) उर्फ रितिक मिश्रा के रूप में हुई है।
सीधी में तालाब में डूबे दो बालक
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र की बम्हनी पुलिस चौकी अंतर्गत हस्तिनापुर गांव में खेत में बने तालाब में नहाने गए दो बालकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अर्पित (8) पिता ओमप्रकाश केवट और पंकज (14) पिता रमेश केवट के रूप में हुई है।
उमरिया में 205 मिमी से ज्यादा बारिश
उमरिया में बारिश ने जनजीवन को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। पिछले 24 घंटे में जिले में 205.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। करकेली में 189.8 मिमी, ब्यौहारी में 112 मिमी और उमरिया नगर में 103 मिमी बारिश हुई।
करौंदी नाला उफान पर आने से देर रात तक आवागमन प्रभावित रहा। बरतराई के पास पुल के ऊपर से तेज बहाव में पानी गुजरने के कारण पुल का ऊपरी हिस्सा बह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क बाधित हो गया है। कई मिट्टी के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
मंडला में भी झमाझम बारिश
मंडला जिले में नारायणगंज और निवास तहसील क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई। जिले में 24 घंटे में 34.2 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। नारायणगंज में 86.8 मिमी, निवास में 49.6 मिमी, नैनपुर में 23.2 मिमी, बिछिया में 23 मिमी, मंडला तहसील में 14.4 मिमी और घुघरी में 8.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा डिंडौरी और शहडोल में भी 25 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। दमोह के तेंदूखेड़ा में 87.4 मिमी और मंडला के बिछुआ में 84.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
सीधी और डिंडौरी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को सीधी और डिंडौरी के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के बाकी जिलों के लिए यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 अगस्त को मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के साथ बढ़ा वायरल और संक्रमण का खतरा
लगातार बारिश के कारण जबलपुर समेत कई शहरों में वातावरण में नमी और उमस बढ़ गई है। सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश में भीगने के बाद तुरंत कपड़े बदलना, गुनगुना पानी पीना, पर्याप्त नींद लेना और घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना जरूरी है। खुले या दूषित भोजन से बचने तथा हाथों की स्वच्छता बनाए रखने की भी सलाह दी गई है। बुखार, सांस लेने में परेशानी या अन्य लक्षण लगातार बने रहने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।