मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकें किसानों की समृद्धि का नया रास्ता हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने और सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश बागवानी फसलों के विकास और विस्तार में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है और इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहला पुरस्कार मिला है।
बागवानी में मध्यप्रदेश बना देश का नंबर-1
सीएम ने कहा कि प्रदेश में उद्यानिकी (बागवानी) फसलों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीकों और किसानों की मेहनत के दम पर मध्यप्रदेश ने बागवानी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे किसानों और सरकार के संयुक्त प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया।
बैतूल के किसानों की मेहनत की सराहना
मुख्यमंत्री ने बैतूल की उपजाऊ भूमि, प्राकृतिक संसाधनों और मेहनतकश किसानों की सराहना करते हुए कहा कि ताप्ती नदी सहित सात नदियों का आशीर्वाद इस क्षेत्र को मिला है। उन्होंने कहा कि बैतूल ने मक्का उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि गेहूं, धान, मक्का और श्रीअन्न के उत्पादन में भी जिले का महत्वपूर्ण योगदान है, जिससे मध्यप्रदेश देश की "फूड बास्केट" के रूप में उभर रहा है।
किसानों के लिए सरकार की बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी-
मूंग उपार्जन की पात्रता सीमा 25% से बढ़ाकर 60% की गई।
स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई।
मूंग खरीदी की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 कर दी गई।
खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित।
गेहूं की रिकॉर्ड खरीदी समर्थन मूल्य के साथ बोनस देकर की गई।
धान उत्पादक किसानों को 4,000 रुपये प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता।
कोदो-कुटकी की रिकॉर्ड खरीदी के साथ 1,000 रुपये प्रति क्विंटल बोनस।
खेत से बाजार तक मजबूत होगी व्यवस्था
सीएम ने कहा कि सरकार केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेत से बाजार तक पूरी कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में-
फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
वेयरहाउस और कोल्ड चेन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
ग्रेडिंग, पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन पर जोर दिया जा रहा है।
कृषि निर्यात को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
तापी बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के साथ तापी बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना के लिए समझौता किया गया है। इस परियोजना से बैतूल, बुरहानपुर और खंडवा सहित आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और भूजल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
किसानों से की नई तकनीक अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विशेषज्ञों से संवाद करें, नई तकनीकों को समझें और उन्हें अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं। सरकार का उद्देश्य खेती को वास्तविक अर्थों में लाभ का व्यवसाय बनाना है।