भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 18 और 19 जुलाई को ओरछा में आयोजित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पदभार संभालने के बाद यह पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी। बैठक में दतिया उपचुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
106 सदस्य और 41 स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे शामिल
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कुल 106 कार्यसमिति सदस्य और 41 स्थायी आमंत्रित सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक तथा विशेष आमंत्रित सदस्य भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
दतिया उपचुनाव और संगठन को लेकर बनेगी रणनीति
बैठक में दतिया उपचुनाव को लेकर पार्टी की चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष के शामिल होने की संभावना
18 और 19 जुलाई को ओरछा में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके दौरे का अंतिम कार्यक्रम आधिकारिक रूप से जारी होना अभी बाकी है।