मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर बड़ी राहत दी है। करीब एक दशक बाद प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू होने से लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का कर्मचारियों ने स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ किया स्वागत
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैसे ही मंत्रालय में कैबिनेट बैठक के लिए पहुंचे, वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी ढोल-नगाड़ों के साथ उनके स्वागत के लिए एकत्र हो गए। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने के निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।इस दौरान कर्मचारी संगठनों ने उन विभागों में भी जल्द पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी, जहां अभी तक यह प्रक्रिया लागू नहीं हुई है।
पात्र कर्मचारियों को मिलेगा प्रमोशन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी पदोन्नति का पात्र होगा, उसे नियमानुसार इसका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उन्हें समय पर उनका अधिकार उपलब्ध कराना है।
कर्मचारी कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण समिति, मंत्रालय कर्मचारी संघ और अजाक्स के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी पात्र कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद से ही कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश के लाखों अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।