भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों को बड़ी राहत देते हुए उनके बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1460 करोड़ 25 लाख रुपए की दावा राशि ट्रांसफर की। यह राशि खरीफ 2025 फसल बीमा दावों के भुगतान के रूप में जारी की गई। मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद किसानों के खातों में यह राशि हस्तांतरित की।
किसानों से समय पर फसल बीमा कराने की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि संभावित मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य करा लें, ताकि फसल नुकसान की स्थिति में उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
अल-नीनो के असर को लेकर भी दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम मानसून की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में किसानों को पहले से सतर्क रहते हुए फसल बीमा योजना का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
2016 से अब तक किसानों को 30,942 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2016-17 से वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के प्रभावित किसानों को कुल 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपए की दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार समय पर बीमा दावों का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के समय आर्थिक सुरक्षा मिल सके।