मध्य प्रदेश कांग्रेस युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने जा रही है। कांग्रेस 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक करीब 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा निकालेगी। इस यात्रा के जरिए पार्टी NEET और CBSE पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।
जीतू पटवारी रहेंगे पूरी यात्रा में शामिल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इस पूरी साइकिल यात्रा में शामिल रहेंगे। यात्रा की शुरुआत 14 जुलाई सुबह 8 बजे इंदौर के आरएनटी मार्ग से होगी। कांग्रेस इसे युवाओं की आवाज को मजबूती देने वाला अभियान बता रही है।
चार जिलों से जुड़ेंगे साइकिल यात्री
कांग्रेस के अनुसार, यात्रा में इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। प्रत्येक जिले से करीब 500-500 साइकिल यात्री यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
पहले दिन आष्टा में रात्रि विश्राम
साइकिल यात्रा का पहला चरण इंदौर से शुरू होकर आष्टा तक पहुंचेगा, जहां यात्रियों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद 15 जुलाई को यात्रा भोपाल पहुंचेगी।
युवाओं के मुद्दों पर कांग्रेस का फोकस
कांग्रेस इस यात्रा के जरिए प्रदेश के युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दे युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं और इन्हें लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।