मध्यप्रदेश में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार ने संवाद का रास्ता अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों के सुझावों और समस्याओं का सम्मान किया जाएगा और बातचीत के जरिए हर विषय का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आंदोलन कर रहे किसानों को लेकर कहा कि सरकार उनकी बात सुनने और समाधान निकालने के लिए पूरी तरह तैयार है।
किसानों के मुद्दों पर सरकार ने बनाई समिति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि किसानों से जुड़े विषयों पर चर्चा और समाधान के लिए सरकार ने एक विशेष समिति का गठन किया है। यह समिति किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझ रही है। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों की वास्तविक परेशानियों को जानकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
कृषि मंत्री समेत मंत्री करेंगे किसानों से संवाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों से बातचीत के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना को किसानों से चर्चा के लिए भेजा गया था। वहीं आज कृषि मंत्री के साथ मंत्री कृष्णा गौर, विश्वास सारंग, राकेश सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम किसानों से संवाद करेगी। सरकार का कहना है कि बातचीत के माध्यम से किसानों की मांगों और समस्याओं को समझकर सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा।
किसान हित सरकार की प्राथमिकता: सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के सुझावों का स्वागत किया जाएगा और जो भी व्यावहारिक समस्याएं सामने आएंगी, उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
आम जनता को परेशानी न हो, यह भी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़े आंदोलनों को लेकर कहा कि किसानों के हित महत्वपूर्ण हैं, लेकिन आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पक्षों के साथ बातचीत और आपसी सहमति के आधार पर समाधान निकालने में विश्वास रखती है।
किसान संगठनों से सकारात्मक सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय किसान संघ समेत सभी किसान संगठनों से अपील की है कि वे किसानों और आम जनता के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार के साथ सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब सभी का लक्ष्य किसानों की बेहतरी है, तो संवाद और सहयोग के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।