भोपाल। मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर बड़ी खबर है। सरकार ने आने वाले दो वर्षों में ढाई लाख सरकारी पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही प्रदेशभर में रोजगार और स्वरोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न कंपनियां युवाओं को इंटरव्यू के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर ‘युवा संगम’ आयोजित करने की भी तैयारी है। राज्य स्तर का कार्यक्रम सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है।
सितंबर में होगा राज्य स्तरीय युवा संगम
सरकार युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर युवा संगम आयोजित करेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया जा रहा है।सितंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य स्तर पर युवा संगम आयोजित करने की तैयारी है। इसमें मुख्यमंत्री और मंत्री युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी प्राथमिकताओं, समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
हर जिले में लगेंगे रोजगार और स्वरोजगार मेले
राज्य स्तरीय आयोजन के साथ-साथ प्रत्येक जिले के रोजगार कार्यालयों द्वारा भी युवा संगम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में रोजगार मेले और स्वरोजगार मेले लगाए जाएंगे।विभिन्न कंपनियों को इन मेलों में आमंत्रित किया जाएगा। युवाओं को कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने सीधे इंटरव्यू देने का मौका मिलेगा और योग्य उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
दो साल में ढाई लाख सरकारी पदों पर भर्ती
सरकार ने सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आने वाले दो वर्षों में करीब ढाई लाख पदों पर भर्ती करने की तैयारी है।सरकार का फोकस केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें रोजगार योग्य बनाने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाएगी सरकार
मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान युवाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।खास बात यह है कि सरकार पहली बार युवा बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें युवाओं के रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और अन्य आवश्यकताओं से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है।
सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ प्रदेश में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दे रही है। सरकार का मानना है कि नए निवेश और उद्योगों के विस्तार से निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।इसके लिए एक ओर कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निवेश के जरिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
भोपाल में 31 अगस्त को युवा संगम
जिला स्तर पर युवा संगम की शुरुआत भी की जा रही है। भोपाल में 31 अगस्त को युवा संगम आयोजित किया जाएगा।इस आयोजन में करीब 200 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू के जरिए रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह कार्यक्रम निजी क्षेत्र में अवसर हासिल करने का माध्यम बनेगा।