भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी बस सेवा को फिर से शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार इंदौर से प्रदेश के 20 से अधिक शहरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस सरकारी बसें संचालित करने की योजना पर काम कर रही है। इन बसों के जरिए न केवल इंदौर के आसपास के जिलों, बल्कि महाकौशल, विंध्य और ग्वालियर-चंबल अंचल के प्रमुख शहरों तक भी सीधी यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
इन शहरों तक चलेगी सरकारी बस सेवा
प्रस्तावित योजना के अनुसार इंदौर से मुलताई, नरसिंहपुर, पिपरिया, निवाड़ी, शिवपुरी, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, मुरैना, मनासा, मैहर, ग्वालियर, गुना, दतिया, बीना, भिंड, बंडा (सागर), डिंडौरी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और सिंगरौली सहित कई शहरों के लिए बसें चलाई जाएंगी। इनमें इंदौर से सिंगरौली तक का मार्ग सबसे लंबा होगा, जिसकी दूरी लगभग 889 किलोमीटर है। यात्रियों की मांग और पीक आवर्स को ध्यान में रखते हुए रूट सर्वे का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
एसी और सुपर लग्जरी बसों की भी होगी सुविधा
नई बस सेवा के तहत अलग-अलग श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। मिडी बसों में करीब 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि बड़ी बसों में लगभग 70 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य बसों के साथ एसी और सुपर लग्जरी श्रेणी की बसें भी संचालित की जाएंगी।
मोबाइल ऐप से मिलेगी लाइव लोकेशन और ऑनलाइन टिकट सुविधा
सरकारी बस सेवा को डिजिटल सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा। यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन, किराया, सीटों की उपलब्धता और समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसी ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी, जिससे बस स्टैंड पर टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा यात्रियों की शिकायतों और सुझावों के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी।