भोपाल- मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटे से लगातार रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते कई ग्रामीण सड़कें जलमग्न हो गई हैं, नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन समेत 17 जिलों में अगले 24 घंटे के लिए भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उमरिया में जोहिला डैम का गेट खोला गया
लगातार हो रही बारिश के कारण उमरिया जिले के जोहिला डैम का एक गेट करीब आधा मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने डैम के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है।
भोपाल में जर्जर मकान का हिस्सा गिरा
राजधानी भोपाल में भारी बारिश के बीच करीब 90 साल पुराने जर्जर मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने आसपास के पुराने भवनों की भी जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में बारिश के बीच बारात रुकी
इंदौर में तेज बारिश के कारण गंगवाल चौराहे से राजमोहल्ला जा रही बारात बीच रास्ते में ही रुक गई। बारिश के चलते बाराती पीछे रह गए, जबकि दूल्हा डीजे के साथ अकेले आगे बढ़ता दिखाई दिया। यह नजारा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।
मंदसौर में लगातार बारिश, 12.46 इंच वर्षा दर्ज
मंदसौर जिले में बीती रात से लगातार बारिश जारी है। जिला मुख्यालय के साथ मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, सीतामऊ, सुवासरा, गरोठ, शामगढ़, अफजलपुर और दलौदा सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। जिले में अब तक 12.46 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले 24 घंटे में 1.62 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।
सिवनी में नदी-नाले उफान पर, 4 वर्षीय बच्चे की मौत
सिवनी जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। लखनादौन के दपकिया गांव और लखनवाड़ा में पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, बावजूद इसके लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। इसी बीच बोरदई के पास तेज बहाव वाले नाले में बह जाने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और पुल-पुलियों को पार न करने की अपील की है।
मुंबई की बारिश का असर MP की ट्रेनों पर
मुंबई रेल मंडल में भारी बारिश और जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इसका असर रतलाम रेल मंडल पर भी पड़ा है।
4 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
2 ट्रेनों का रूट बदला गया है।
रतलाम मंडल से गुजरने वाली 7 ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक की देरी से चल रही हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार प्रदेश के ऊपर मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ईस्ट-वेस्ट शियर जोन सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी मिलने के कारण कई जिलों में कम समय में भारी बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।