भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार देर रात तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर जारी रहा। लगातार बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीधी, सागर, राजगढ़, मऊगंज, विदिशा, गुना सहित कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
सीधी में सबसे ज्यादा 124.4 मिमी बारिश दर्ज
बारिश के ताजा आंकड़ों के अनुसार सीधी जिले की मझौली तहसील में सबसे अधिक 124.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान सीधी जिले के सिहावल में 118.6 मिमी और रायसेन जिले के गैरतगंज में 118 मिमी बारिश दर्ज हुई।इसके अलावा मऊगंज में 109 मिमी, राजगढ़ में 103 मिमी, सागर जिले के देवरी में 96.3 मिमी, खुरई में 78 मिमी और बंडा में 74 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
भोपाल में दिनभर बरसते रहे बादल
राजधानी भोपाल में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। शाम 5:30 बजे तक 39 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते शहर का मौसम सुहावना बना रहा और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि बारिश ने लोगों को भीषण उमस से राहत दिलाई।
मालवा, विंध्य और महाकौशल में अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, सागर, रीवा, शहडोल, जबलपुर और इंदौर संभाग के अधिकांश जिलों में मध्यम से अच्छी बारिश हुई। रायसेन के देवरी में 72.1 मिमी, गुना जिले के चाचौड़ा और कुंभराज में 70-70 मिमी, रायसेन शहर में 66.6 मिमी तथा विदिशा के गंज बासौदा में 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया है।
किसानों के लिए राहत की बारिश
लगातार बारिश से कृषि कार्यों को भी गति मिली है। जिन क्षेत्रों में बोवनी पूरी हो चुकी है, वहां फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से अच्छी बढ़वार की उम्मीद है। वहीं जिन इलाकों में बोवनी शेष है, वहां किसान अब तेजी से खेती का काम पूरा कर सकेंगे। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी।
अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण, प्रदेश से गुजर रही ट्रफ लाइन तथा छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी के कारण अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा।
पूर्वी और मध्य मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मालवा और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम में बदलाव से मिली गर्मी से राहत
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मानसून की गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी और आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।