भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार राजौरा का तबादला करते हुए उन्हें मध्यप्रदेश आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 24 जुलाई 2026 की देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार राजौरा को तत्काल प्रभाव से नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है।
अस्थायी रूप से नई पदस्थापना
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डॉ. राजेश कुमार राजौरा को उनकी नई पदस्थापना पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से स्थानापन्न रूप में पदस्थ किया गया है। यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल द्वारा जारी किया गया है।
अब तक संभाल रहे थे कई अहम जिम्मेदारियां
डॉ. राजेश कुमार राजौरा वर्तमान में नर्मदा घाटी विकास विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा वे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक (Managing Director) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
इसके साथ ही उनके पास जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी था। अब नई नियुक्ति के साथ वे नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के महानिदेशक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।